ब्रेक फेल और स्टेयरिंग लॉक होने से बद्रीनाथ से हरिद्वार जा रही बस हुई अनियंत्रित, सड़क किनारे पत्थर से टकराकर रुकी
चमोली 10 सितंबर 2026। बद्रीनाथ धाम से हरिद्वार जा रही यात्रियों से भरी बस में अचानक तकनीकी खराबी आने से लामबगड़ के पास बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बस में उस समय करीब 25 यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार बस संख्या UK-14-PA-023 बद्रीनाथ से 25 यात्रियों को लेकर हरिद्वार की ओर जा रही थी। लामबगड़ के पास अचानक बस के ब्रेक फेल होने और स्टेयरिंग लॉक होने की वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। बस अनियंत्रित होकर गलत दिशा में मुड़ी और सड़क किनारे लगे पत्थर से जा टकराई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना गोविंदघाट पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
सबसे राहत की बात यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। बस में सवार सभी 25 यात्री सुरक्षित बताए गए।
इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से सुरक्षित स्थान पर हटवाया, ताकि यातायात प्रभावित न हो। यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए दूसरे वाहन की व्यवस्था की गई और सभी यात्रियों को सुरक्षित हरिद्वार के लिए रवाना किया गया।
समय रहते पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और 25 यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई। 
