बद्रीनाथ धाम। उत्तराखंड के प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में शुक्रवार सुबह उस वक्त बड़ा हादसा हो गया, जब तप्त कुंड में स्नान के दौरान दो बुजुर्ग महिला यात्रियों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और मंदिर प्रशासन में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। दोनों महिलाएं तप्त कुंड में स्नान कर रही थीं। इसी दौरान दोनों कुंड के भीतर बेहोशी की हालत में मिलीं। मौके पर पहुंची पुलिस और मंदिर प्रशासन की टीम ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतकों की पहचान 63 वर्षीय प्रेमा देवी पत्नी मदन और 71 वर्षीय रामू देवी पत्नी अमर के रूप में हुई है। दोनों राजस्थान की रहने वाली बताई जा रही हैं।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
⚠️ बद्रीनाथ धाम जैसे अत्यधिक ऊंचाई वाले क्षेत्र में बुजुर्ग यात्रियों को स्नान एवं अन्य गतिविधियों के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
