पहाड़ी दस्तक न्यूज गौचर। जनपद चमोली के गौचर में जनपद रुद्रप्रयाग और चमोली की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रभारी एवं पूर्व विधायक केदारनाथ मनोज रावत ने उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एसआईआर की प्रक्रिया एवं उसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में विधायक बदरीनाथ लखपत बुटोला, विधायक थराली जीत राम, पूर्व विधायक प्रत्याशी मुकेश नेगी, पूर्व विधायक प्रत्याशी प्रदीप थपलियाल, रुद्रप्रयाग जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह कण्डारी, चमोली जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी एवं सभी ब्लॉक अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों, पूर्व एवं वर्तमान विधायकों तथा पांचों विधानसभा क्षेत्रों के बीएलए-1 (Booth Level Agent) ने प्रतिभाग किया। इस दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, त्रुटियों के सुधार, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा अपात्र नामों की पहचान जैसे विषयों पर जानकारी साझा की गई। वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है। बैठक में निर्णय लिया गया कि एसआईआर से संबंधित यह प्रशिक्षण अभियान अब प्रत्येक ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा। इसके तहत मास्टर ट्रेनरों द्वारा बीएलए-2 को भी प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि संगठन के कार्यकर्ता मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
इसके साथ ही बैठक में आगामी 4 जून को आयोजित होने वाले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के पूर्व सैनिक संवाद कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि चमोली और रुद्रप्रयाग जनपद के अधिक से अधिक पूर्व सैनिक, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं संगठन पदाधिकारी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। पदाधिकारियों से कार्यक्रम की जानकारी बूथ स्तर तक पहुंचाने और व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम प्रभारी एवं पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि संगठन का लक्ष्य बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को सफल बनाना है। साथ ही उन्होंने 4 जून के पूर्व सैनिक संवाद कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम मेंविधायक बदरीनाथ लखपत बुटोला, विधायक थराली जीत राम, पूर्व विधायक प्रत्याशी मुकेश नेगी, पूर्व विधायक प्रत्याशी प्रदीप थपलियाल सहित दोनों जनपदों के वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।