रुद्रप्रयाग, 17 जुलाई।
जनपद रुद्रप्रयाग में बीती रात हुई लगातार बारिश के बाद तिमली–अगस्त्यमुनि मोटर मार्ग एक बार फिर भूस्खलन की चपेट में आ गया। मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर आने से सड़क पूरी तरह बाधित हो गई है। सड़क के कई हिस्सों में दरारें भी पड़ गई हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। मौके पर जेसीबी मशीनों से मलबा हटाने का कार्य जारी है।
इसी मार्ग पर हाल ही में वाहन संख्या UK11 TA 1443 दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से नीचे पलट गया था। उस हादसे में बड़ा नुकसान टल गया, लेकिन लगातार हो रही घटनाएं इस सड़क की बदहाल स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
यह मार्ग अगस्त्यमुनि पीजी डिग्री कॉलेज के ठीक सामने से होकर गुजरता है और 60 से अधिक गांवों को तहसील और जिला मुख्यालय से जोड़ने वाली प्रमुख सड़क है। सड़क बंद होने से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में दिक्कतें आ रही हैं। स्कूली और कॉलेज के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। साथ ही राशन, दवाइयों, गैस सिलेंडर, दूध, सब्जियां और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी बाधित हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात में यही स्थिति बनती है, लेकिन संबंधित विभाग केवल अस्थायी रूप से मलबा हटाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेता है। स्थायी सुरक्षा कार्य, मजबूत रिटेनिंग वॉल और वैज्ञानिक तरीके से पहाड़ी के ट्रीटमेंट का अभाव आज भी बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क का स्थायी समाधान किया जाए और बरसात के दौरान संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे मशीनें व कर्मचारी तैनात किए जाएं, ताकि लोगों को बार-बार परेशानी का सामना न करना पड़े।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी जनहानि का इंतजार कर रहा है, या फिर इस महत्वपूर्ण सड़क की सुरक्षा के लिए समय रहते ठोस कदम उठाए जाएंगे?