अगस्त्यमुनि महाविद्यालय में देवभूमि उद्यमिता योजना 2.0 का ओरिएंटेशन कार्यक्रम 92 विद्यार्थियों ने स्टार्टअप, नवाचार, AI और उद्यमिता के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी ली

पहाड़ी दस्तक न्यूज अगस्त्यमुनि।। अनुसूया प्रसाद बहुगुणा राजकीय महाविद्यालय अगस्त्यमुनि परिसर में उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड सरकार एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII), अहमदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में देवभूमि उद्यमिता योजना 2.0 के तहत एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन योजना के नोडल अधिकारी प्रो. डॉ. सुखपाल सिंह रौतेला के प्रबंधन में किया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के 92 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों को स्टार्टअप, नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डिजिटल प्लेटफॉर्म और उद्यमिता के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई। नोडल अधिकारी प्रो. डॉ. सुखपाल सिंह रौतेला ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ स्थानीय समस्याओं के तकनीकी समाधान विकसित करने और नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उद्यमिता योजना युवाओं को अपने विचारों को व्यवसाय में बदलने का अवसर प्रदान कर रही है।जिला समन्वयक विनोद नेगी ने योजना के तहत मिलने वाली मेंटोरशिप, बूट कैंप, बिजनेस प्लान, सीड फंडिंग सहित विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने सफल उद्यमियों के उदाहरण साझा करते हुए विद्यार्थियों को अपना स्टार्टअप शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया।महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. कैलाश सिंह जुतपुड़ी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप देवभूमि उद्यमिता योजना युवाओं में नवाचार, नेतृत्व क्षमता और उद्यमिता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने इसे आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।कार्यक्रम के अगले चरण में चयनित विद्यार्थियों को आइडिया स्क्रीनिंग, मेंटरशिप, बूट कैंप और सीड फंडिंग के माध्यम से अपने स्टार्टअप आइडिया को विकसित करने का अवसर मिलेगा।