पहाड़ी दस्तक न्यूज पोखरी (चमोली)। हिमवंत कवि चंद्र कुंवर बर्त्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नागनाथ पोखरी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.ए. एवं बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर प्रवेश प्रक्रिया का शुभारंभ हो गया है। महाविद्यालय द्वारा प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए मेरिट सूची जारी कर दी गई है।
प्रवेश समिति की ओर से जारी सूचना के अनुसार मेरिट सूची में चयनित छात्र-छात्राओं को 4 जून 2026 से काउंसलिंग एवं प्रवेश प्रक्रिया के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ महाविद्यालय में उपस्थित होना होगा। दस्तावेजों के सत्यापन और काउंसलिंग के बाद ही प्रवेश को अंतिम रूप दिया जाएगा।महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया विश्वविद्यालय एवं शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी। अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि और समय का पालन करने की अपील की गई है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रीटा शर्मा ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उच्च शिक्षा विद्यार्थियों के जीवन में नए अवसरों और संभावनाओं के द्वार खोलती है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण और व्यक्तित्व विकास के लिए अनुकूल अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्राचार्य ने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, सामाजिक दायित्वों और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि नवप्रवेशी छात्र-छात्राएं अपने परिश्रम, अनुशासन और प्रतिभा के बल पर महाविद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में उत्साह का माहौल है। प्रवेश समिति द्वारा काउंसलिंग और दस्तावेज सत्यापन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रवेश संबंधी समस्त जानकारी महाविद्यालय की वेबसाइट एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध करा दी गई है।प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्राचार्य की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुख्य शास्ता डॉ. संजीव कुमार जुयाल, आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. नंदकिशोर चमोला सहित समिति के सदस्य डॉ. कीर्ति गिल, डॉ. प्रवीण मैठाणी, डॉ. केवलानंद, डॉ. कंचन सहगल, डॉ. किरन चौहान, श्री विजयपाल, श्री अनिल कुमार, श्री नवनीत सती और श्री प्रदीप सिंह उपस्थित रहे।प्रवेश संबंधी समस्त जानकारियां प्रवेश समिति की संयोजिकाएं डॉ. रेनू सनवाल एवं डॉ. कंचन सहगल द्वारा प्रदान की गईं।