भारी बारिश से इशाला में तबाही, कई मकानों में घुसा मलबा, पंचायत भवन क्षतिग्रस्त

दशज्यूला/रुद्रप्रयाग। दशज्यूला क्षेत्र की ग्राम पंचायत इशाला में 24 जून की रात्रि हुई भारी बारिश ने भारी तबाही मचा दी। बारिश के कारण बुरसाला तोक में कई आवासीय भवनों में मलबा घुस गया, जबकि भू-धंसाव से दर्जनों खेत प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत भवन भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।

 

ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह राणा ने बताया कि भारी बारिश से सबसे अधिक नुकसान धीर सिंह विष्ट, प्रेम सिंह विष्ट और सुनील सिंह विष्ट के मलबा घुसने और भू-धंसाव से भारी नुकसान हुआ है। वहीं यशवीर सिंह, कुलदीप सिंह, रविंद्र खत्री और संदीप बिष्ट की मकानें भी खतरे की जद में आ गई हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के दर्जनों खेतों में भी मलबा भरने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। ग्राम प्रधान ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने, क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा उपलब्ध कराने तथा पंचायत भवन के पुनर्निर्माण की मांग की है।

 

जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि इशाला ग्राम पंचायत में भारी बारिश से हुए नुकसान की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों से वार्ता की गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन से शीघ्र संयुक्त सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। साथ ही क्षतिग्रस्त पंचायत भवन के पुनर्निर्माण और क्षेत्र में सुरक्षा कार्यों के लिए भी शासन स्तर पर प्रभावी पैरवी की जाएगी। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दिलाई जाएगी।