बसुकेदार-छेनागाड़ मार्ग पर दर्दनाक हादसा, खाई में समाई स्विफ्ट कार; दो की मौत, एक गंभीर घायल
पहाड़ी दस्तक | रुद्रप्रयाग
बसुकेदार क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। छेनागाड़-घगासू-बांगर मोटर मार्ग पर मथ्यागांव के समीप एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, वाहन संख्या UK 13 TA 2189 में तीन लोग सवार थे। मंगलवार सुबह करीब 8:20 बजे मथ्यागांव के समीप अचानक वाहन अनियंत्रित हुआ और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही DDRF और SDRF की रेस्क्यू टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों लोगों को खाई से बाहर निकाला।
हादसे में मोहन सिंह (65) और विनोद सिंह (42) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रोहित (26) घायल हो गए। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल अस्पताल भेजा गया।
रेस्क्यू टीमों ने दोनों मृतकों के शवों को बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया। हादसे की खबर फैलते ही बसुकेदार और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसा कैसे हुआ और वाहन के अनियंत्रित होने की वजह क्या रही, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सफर की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

