पहाड़ी दस्तक न्यूज रुद्रप्रयाग। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में रविवार को जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट की अध्यक्षता में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” महाअभियान के तहत एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यशाला में 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। इस दौरान विकसित भारत संकल्प अभियान, वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान, प्रगति पथ अभियान, प्रबुद्ध बैठकें, जनकल्याण शिविर तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जैसे कार्यक्रमों को जिला, विधानसभा, ब्लॉक एवं मंडल स्तर पर संचालित करने की योजना बनाई गई। कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए वरिष्ठ पदाधिकारियों को विभिन्न स्तरों पर संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों को सुशासन, सेवा और जनकल्याण का स्वर्णिम काल बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया है। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा मुफ्त राशन जैसी योजनाओं ने अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने डिजिटल क्रांति, आर्थिक विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं तथा “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने की दिशा में वैश्विक मंच पर अपनी नई और मजबूत पहचान बनाई है।
जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कार्यकर्ताओं से 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
कार्यशाला से पूर्व सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिला कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” को भी सामूहिक रूप से सुना।
इस अवसर पर अभियान के जिला संयोजक अरुण चमोली, जिला महामंत्री राय सिंह राणा, जिला उपाध्यक्ष बिनोद देवशाली एवं पार्वती गोस्वामी, जिला मीडिया प्रभारी सतेन्द्र बर्त्वाल, जिला मंत्री दीपराज बंगारी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमन जमलोकी, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष हर्ष लाल सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।