अगस्त्यमुनि में महिलाओं द्वारा श्रीरामलीला का भव्य शुभारम्भ, प्रथम दिवस पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

अगस्त्यमुनि। हिमालय वीरांगना संस्था के तत्वावधान में महिलाओं द्वारा आयोजित श्रीरामलीला का भव्य एवं भक्तिमय शुभारम्भ श्रीराम जन्म प्रसंग के साथ हुआ। लगातार तीसरे वर्ष आयोजित हो रही इस अनूठी रामलीला ने प्रथम दिवस से ही दर्शकों को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण में सराबोर कर दिया।

प्रथम रात्रि में श्रवण कुमार प्रसंग, कैलाश लीला तथा श्रीराम जन्म जैसे मार्मिक एवं धार्मिक प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों के जीवंत अभिनय और भावपूर्ण प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। रामलीला की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि सभी पात्रों का अभिनय महिलाओं द्वारा अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। श्रवण कुमार प्रसंग में पुत्रभक्ति की मार्मिकता, कैलाश लीला में शिव-पार्वती एवं रावण संवाद की ऊर्जा तथा पुत्रेष्टि यज्ञ एवं श्रीराम जन्म के भक्तिमय दृश्य ने पूरे वातावरण को भक्तिरस से ओतप्रोत कर दिया।

राम जन्म के दृश्य के मंचन के दौरान पंडाल जय श्रीराम के उद्घोषों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देर रात तक रामलीला का आनंद लेती रही। आयोजन स्थल को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं पारंपरिक रंगोली से सजाया गया था, जिसने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया।

संस्था की महिलाओं ने बताया कि इस रामलीला का उद्देश्य समाज में संस्कृति, संस्कार एवं नारी शक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से यह आयोजन एक नई प्रेरणा बनकर उभरा है।

इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने सभी दर्शकों से आगामी दिनों में भी रामलीला में पहुंचकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।