जखोली ब्लॉक में कांग्रेस की बूथ मजबूती बैठक, 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में भरा जोश

पहाड़ी दस्तक न्यूज।। जखोली। जनपद रुद्रप्रयाग के जखोली ब्लॉक में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह कण्डारी ने की। इस दौरान बूथ गठन, बीएलए प्रभारियों की जिम्मेदारी और संगठन की मजबूती को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत संवाद एवं चर्चा की गई। बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर रणनीति बनाई गई। जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह कण्डारी ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता से संवाद करेंगे और भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने रखेंगे।
उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, पलायन और स्थानीय मुद्दों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच मजबूती से अपनी आवाज उठाएगी। बूथ स्तर की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार है और इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
इस अवसर पर सभी पीसीसी सदस्य, वरिष्ठ कांग्रेसजन, बीएलए प्रभारी, बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।