सेल्फी का जुनून पड़ा भारी, गहरी खाई में गिरा युवक… पोखरी पुलिस बनी फरिश्ता

पहाड़ी दस्तक न्यूज पोखरी।। चमोली जनपद में खतरनाक जगह पर सेल्फी लेने का शौक एक युवक के लिए जानलेवा साबित होते-होते बच गया। 29 मई 2026 को रवि जोशी निवासी बिंदुखत्ता (लालकुआं, नैनीताल) ने डायल 112 पर सूचना दी कि उसका दोस्त कुशाल सिंह भंडारी सेल्फी लेते समय अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही थाना पोखरी पुलिस के अपर उपनिरीक्षक दलवीर सिंह और हेड कांस्टेबल जसवंत सिंह आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर दुर्गम खाई में रेस्क्यू अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।

घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। युवक के मुंह और सिर पर हल्की चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और साहसिक प्रयासों की सराहना करते हुए आभार जताया।

वही चमोली पुलिस ने अपील की है कि पहाड़ों, गहरी खाइयों और जोखिम भरे स्थानों पर सेल्फी लेने से बचें।आपकी थोड़ी सी सावधानी आपकी जिंदगी बचा सकती है।

#ChamoliPolice #UttarakhandPolice #SelfieSafety #DastakPahadNews