एनएसजी कमांडो राहुल जग्गी के निधन से दशज्यूला क्षेत्र में शोक की लहर, पैतृक गांव जग्गी काण्डई में पसरा मातम

रुद्रप्रयाग। दशज्यूला क्षेत्र के जग्गी काण्डई निवासी एवं राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) में कार्यरत वीर जवान राहुल जग्गी के निधन की दुखद सूचना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की खबर मिलते ही पैतृक गांव जग्गी काण्डई सहित पूरे दशज्यूला क्षेत्र में मातम छा गया। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत जवान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

राहुल जग्गी वर्तमान में दिल्ली में एनएसजी कमांडो के रूप में देश सेवा में तैनात थे। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, साहस और देशभक्ति की क्षेत्र में हमेशा सराहना होती रही। उनके असामयिक निधन को क्षेत्र और समाज के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राहुल जग्गी ने अपने साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के जज्बे से पूरे दशज्यूला क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया। उनका निधन न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति है।

उन्होंने कहा, “राहुल जग्गी हमारे क्षेत्र के होनहार और वीर सपूत थे। देश की सुरक्षा में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। उनका असमय जाना हम सभी के लिए अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति दें।”

क्षेत्रवासियों ने बताया कि राहुल जग्गी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत थे और उनकी उपलब्धियों पर पूरे क्षेत्र को गर्व था। उनके निधन की खबर से हर कोई स्तब्ध है।

दशज्यूला क्षेत्र के लोगों ने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।