दस्तक पहाड न्यूज पोखरी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर हिमवंत कवि चंद्र कुंवर बर्तवाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पोखरी नागनाथ में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर “वृद्ध अवस्था में योग” थीम के तहत योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के योग प्रशिक्षक दिनेश सिंह ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए नियमित योगाभ्यास की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने योग और प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
योग दिवस कार्यक्रम में बिमल सिंह बिष्ट, सतीश प्रसाद चमोला, विजयपाल कुमार, नवनीत सती, प्रबल सिंह परमार, प्रदीप सिंह राणा सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। सभी ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का समापन नियमित योगाभ्यास के संकल्प के साथ किया गया। आयोजकों ने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है।